अगली ख़बर
Newszop

कल का मौसम 27 सितंबर 2025: बिहार में बूंदाबांदी, हिमाचल-उत्तराखंड में साफ रहेगा आसमान, जानें दिल्ली-यूपी का हाल

Send Push
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत देश तमाम राज्यों में एक बार फिर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों से 24 सितंबर तक लौट चुका है। साथ ही कई अन्य राज्यों में भी मॉनसून की विदाई का दौर जारी है।



IMD के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, एक निम्न दबाव क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा है जो धीरे-धीरे गहरा होकर 27 सितंबर की सुबह दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों से टकरा सकता है। इस मौसमी प्रणाली के कारण ओडिशा में रेड अलर्ट जबकि छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में 26 से 30 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है। जानते हैं कल आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम...



दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली से मॉनसून की वापसी के बाद गर्मी खूब लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, कल राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 से 36°C और 24 से 26°C के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय मुख्य सतही हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चलने की संभावना है, जिनकी गति 8-12 किमी प्रति घंटा तक होगी। IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 29 सितंबर तक बारिश होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।



यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों उमस और तपिश लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल इस बढ़ती गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश जरूर कुछ राहत दिला सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर से लेकर 1 अक्टूबर तक प्रदेश में किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 26 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश व गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।



बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में पिछले कई दिनों से बारिश न होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि IMD ने इस दौरान कोई चेतावनी नहीं जारी की है।







उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 सितंबर तक पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड) से वापस हो चुका है। अगले चार-पांच दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क और आसमान साफ या आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा। दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की संभावना है।



हिमाचल प्रदेश में कल कैसा रहेगा मौसम?

मानसून की वापसी पूरी हो चुकी है, इसलिए बड़े पैमाने पर वर्षा की संभावना नहीं। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी, दिन में मौसम शुष्क व साफ रहेगा।

न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें